![]() |
| पति के साथ मृतका काजल की फाइल फोटो व शोकाकुल परिजन |
आज सोमवार की सुबह बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र के गाँव अलावलपुर मे विवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियो में हुई मौत के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। मृतका के गले पर मिले निशान और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए दहेज हत्या के आरोपों ने इस मामले को बेहद गंभीर बना दिया है।
आज सोमवार की सुबह थाना क्षेत्र के गाँव अलावलपुर में काजल आयु 25 वर्ष पत्नी गौरव का शव घर के अंदर मिलने पर हड़कंप मच गया। बताया गया कि हल्दौर थाना क्षेत्र के गाँव खेतापुर की निवासी काजल पुत्री ब्रह्मपाल सिंह की शादी 14 माह पूर्व ही अलावलपुर निवासी गौरव के साथ हुई थी। मृतका के मायके पक्ष वालो का कहना है कि उन्हें पड़ोसियों से काजल की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा कई काजल का शव घर में पड़ा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि काजल के गले पर चोट के निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि उसका गला घोंटा गया है। इस दृश्य को देख गुस्साए परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। काजल के पिता और अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका का पति गौरव अग्निशमन विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में उसकी तैनाती लखनऊ में है। परिजनों के अनुसार, गौरव तीन दिन पहले ही काजल को उसके मायके से लेने आया था। ससुराल पक्ष की ओर से लगातार 10 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर काजल को अक्सर परेशान किया जाता था। मृतका की महज 3 माह की एक मासूम बेटी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बिजनौर राम प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा और वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

