घुंघचाई/जिला पीलीभीत - मकान को लेकर हुए विवाद मे गर्भवती के साथ बर्बरता, महिला के पेट मे मारी लात, 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, फ़रवरी 24, 2026

घुंघचाई/जिला पीलीभीत - मकान को लेकर हुए विवाद मे गर्भवती के साथ बर्बरता, महिला के पेट मे मारी लात, 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

जिला पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मकान की खरीद-फरोख्त को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने न केवल एक परिवार पर हमला किया, बल्कि बीच-बचाव करने आई दो माह की गर्भवती महिला के पेट पर भी लात मार दी। हमले में घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 9 नामजद और 20 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलजीत कौर, निवासी ग्राम नागराजा नवदिया, जिला शाहजहाँपुर ने थाना क्षेत्र के गांव अभयपुर माधौपुर में एक मकान खरीदा था। आरोप है कि इस संपत्ति की खरीद को लेकर गांव के ही कुछ लोग रंजिश रखने लगे थे। पीड़िता का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ मोनी, गुरमेज सिंह, प्रेम सिंह और अन्य करीब 20-25 अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। पीड़िता के मुताबिक इन हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उनके पति और देवर को पीटना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख दो माह की गर्भवती कमलजीत कौर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर हमलावर सुरजीत सिंह और गुरमेज सिंह ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार करते हुए उनके पेट में जोर से लात मार दी। इस हमले के कारण महिला को मौके पर ही रक्तस्राव (ब्लिडिंग) शुरू हो गया और हालत बिगड़ गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते जाते जान से मारने की धमकी दे गए।


घायल अवस्था में थाने पहुंची पीड़िता ने आपबीती सुनाई। घुंघचाई थाना अध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया किपीड़िता की तहरीर पर सुखजीत सिंह, गुरमेज सिंह, जितेंद्र कौर, कर्मजीत कौर समेत अन्य नामजद और 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

web counter free
अभी तक पाठक संख्या