बहसूमा/जिला मेरठ - पत्नी के प्रेमी की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने लगी थी पत्नी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, फ़रवरी 25, 2026

बहसूमा/जिला मेरठ - पत्नी के प्रेमी की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने लगी थी पत्नी

www.newsindia17.com
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो 

आज बुधवार की दोपहर जिला मेरठ के कस्बा रामराज में एक ऐलानिया कत्ल के बाद सनसनी फ़ैल गयी। प्रेम प्रसंग को लेकर पनपी रंजिश मे एक पति ने अपने साथियो के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी को सरेबाजार गोलियो से छलनी कर दिया।हमलावरो ने युवक को 4 गोलिया मारी और वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के मौहल्ला जगजीवनपुर का निवासी सुनील उर्फ़ सुरेंद्र उर्फ़ गाबा आयु 28 वर्ष आज बुधवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे बाइक द्वारा रामराज बाजार आया था। प्रत्यशदर्शियो के अनुसार यहाँ पहले से घात लगाए बैठे सनौता निवासी प्रदीप धीमान ने अपने साथियों के साथ सुनील को घेर लिया। हमलावरों ने पहली गोली सुनील की कमर में मारी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर प्रदीप ने जमीन पर पड़े सुनील के सिर और कमर में एक के बाद एक कई गोलियां उतार दीं। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रदीप ने भीड़ के सामने चिल्लाकर कहा मैंने अपना बदला ले लिया। इसके बाद आरोपी बेखौफ अंदाज में असलहे लहराते हुए वहां से निकल गए।


घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ मवाना पंकज लवानिया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस जांच के अनुसार, इस हत्याकांड की जड़ में प्रेम-प्रसंग है। मृतक सुनील का आरोपी प्रदीप की पत्नी पूनम के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब एक साल पहले सुनील और पूनम घर से भाग गए थे और उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली थी। तभी से प्रदीप, सुनील से रंजिश रख रहा था और उसने पहले ही सुनील को जान से मारने की धमकी दी थी।


एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि सुनील उर्फ सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश का लग रहा है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या