जिला बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ जमीन के लालच मे एक 16 वर्षीय किशोर का अपहरण कर 21 वर्षीय युवती के साथ उसकी जबरन शादी करा दी गयी। इस मामले मे कोर्ट के आदेश पर 7 नामजद व 3 अज्ञात महिलाओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गाँव बछेली निवासी रेशमवती पत्नी लालाराम ने बताया कि उसके परिवार के पास 50 बीघा उपजाऊ जमीन है। इस जमीन पर गाँव के ही कुछ दबंग व रिश्तेदार लम्बे समय से नजर गड़ाए हुए है। आरोप है कि ये सभी रेशमवती पर दबाब बना रहे थे कि वह अपने 16 वर्षीय बेटे रजनीश की शादी रामप्रसाद की 21 वर्षीय पुत्री कुमारी नाजुक के साथ कर दे। बेटे के नाबालिग होने के चलते रेशमवती ने साफ इंकार कर दिया था। आरोप है कि गत 5 दिसंबर की सुबह खेत पर जा रहे उसके बेटे रजनीश को रामप्रसाद, रामप्रकाश व उसके कुछ साथियो ने रास्ते मे रोक लिया और तमंचे के बल पर अपहरण कर लिया। ये सभी रजनीश को उठाकर बाबा कालसेन मंदिर ले गए और डरा धमकाकर रामप्रसाद की बेटी नाजुक के साथ उसकी शादी करा दी। रजनीश द्वारा विरोध किये जाने पर आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमो मे फंसाने की धमकी भी दी।
रेशमवती का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद ही उसने उसहैत पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी थी मगर पुलिस ने मामले की गंभीरता से नही लिया और आरोपी खुले घूमते रहे। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलता देख रेशमवती ने कोर्ट की शरण ली और अपना पक्ष रखा। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को फटकार लगाई और तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। उसहैत पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर रामप्रसाद, राकेश, जितेन्द्र, प्रमोद समेत सात नामजद और तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ अपहरण, जबरन शादी और डराने-धमकाने जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी उसहैत ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। नाबालिग के बयान और उम्र की पुष्टि के लिए दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpeg)
