हीमपुर दीपा/जिला बिजनौर - भिखारी बनकर आए बदमाशों ने फौजी के घर मे घुसकर लूटे 20 लाख के जेवर, महिला पर चाकू से हमला कर किया घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, फ़रवरी 07, 2026

हीमपुर दीपा/जिला बिजनौर - भिखारी बनकर आए बदमाशों ने फौजी के घर मे घुसकर लूटे 20 लाख के जेवर, महिला पर चाकू से हमला कर किया घायल

www.newsindia17.com

आज शनिवार सुबह हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र मे एक फौजी के घर हुई लूट की घटना ने एक बार फिर जिला पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिए है। यहाँ भिखारी के वेष मे आये एक महिला व पुरुष ने घर में घुसकर गृहणी को बंधक बना लिया और सोने चाँदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना का विरोध करने पर बदमाशो ने गृहणी के गले पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग मे हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ ही एसपी अभिषेक झा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की।


उक्त घटना आज शनिवार सुबह करीब 9 बजे की है। थाना क्षेत्र के गाँव मंडौरा जट निवासी योगेंद्र सिंह का बड़ा बेटा सुमित जम्मू-कश्मीर में फौजी के पद पर तैनात है, जबकि छोटा बेटा अमित खेती करता है। आज शनिवार सुबह अमित खेत पर गया था। इस दौरान घर पर अमित की पत्नी शिवानी और उनका 4 साल का बेटा अकेले थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक महिला और पुरुष जो भिखारी जैसे लग रहे थे घर के दरवाजे पर पहुंचे।


शिवानी के दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उनके गले पर चाकू रख दिया और धक्का देते हुए अंदर ले गए। एक बदमाश ने शिवानी को बिस्तर पर गिराकर बंधक बना लिया जबकि साथ आई महिला ने अलमारी खोलकर उसमें रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के 25 तोला सोने और चांदी के जेवर निकाल लिये। शिवानी ने साहस का परिचय देते हुए घटना को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशो को रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने उनके गले पर चाकू से हमला कर दिया। भिखारी के वेष मे आये लुटेरे शिवानी के गले की चेन और कानों के कुंडल भी झपट ले गए। वारदात के बाद शिवानी के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचित किया।


सूचना पर पहुंची पुलिस को शिवानी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले एक अज्ञात व्यक्ति आया था।उस व्यक्ति ने खुद को यूनियन बैंक का अधिकारी बताया था और उसके पति अमित के बारे में पूछताछ की थी। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने बैंक अधिकारी बनकर पहले घर की रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक झा, एसओजी और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पड़ोसी गांव माड़ी से 2 महिलाओं समेत 5 संदिग्ध भिखारियों को हिरासत में लिया है।


एसपी अभिषेक झा ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे लूट की सूचना मिली। घर में प्रवेश के दो रास्ते हैं, उनकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

conter12
अभी तक पाठक संख्या