मैनाठेर/जिला मुरादाबाद - प्रेम प्रसंग के चलते साली की हत्या करने वाला जीजा गिरफ्तार, शादी का दबाब बनाने पर दुपट्टे से गला घोंटकर की थी युवती की हत्या - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मार्च 02, 2026

मैनाठेर/जिला मुरादाबाद - प्रेम प्रसंग के चलते साली की हत्या करने वाला जीजा गिरफ्तार, शादी का दबाब बनाने पर दुपट्टे से गला घोंटकर की थी युवती की हत्या

www.newsindia17.com

जिला मुरादाबाद की मैनाठेर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गाँव गोवर्धनपुर के जंगल मे स्थित कुँए से मिले युवती के शव की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले मे मुख्य आरोपी समेत 3 लोगो को गिरफ्तार किया है। आरोपियो से की गयी पूछताछ के आधार पर युवती की हत्या का कारण प्रेम सम्बन्ध व शादी का दबाब बताया जा रहा है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 27 फरवरी को थाना क्षेत्र के गाँव बघी गोवर्धनपुर के जंगल मे स्थित एक सूखे कुँए से 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही सोशल मीडिया माध्यम से उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे। इन प्रयासो चलते मृतका की पहचान शाबरीन उर्फ़ समरीन आयु 21 वर्ष, निवासी गाँव कमालपुर काफरपुर, जिला सम्भल के रूप मे हुई थी। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस मे मृतका के परिजनो की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी थी।


पुलिस द्वारा की गयी विवेचना के दौरान मृतका के जीजा हाशिम, निवासी कस्बा सिरसी, जिला संभल का नाम प्रकाश मे आने पर पुलिस ने उसे हिरासत मे लेकर पूछताछ की थी। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे हाशिम टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। हाशिम ने बताया कि शाबरीन उसकी सगी साली थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। शाबरीन उस पर शादी करने का दबाव बना रही परन्तु हाशिम शादी नहीं करना चाहता था। शाबरीन द्वारा लगातार दबाव बनाने और स्वयं को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने से हाशिम परेशान हो गया था।


इसी परेशानी के चलते हाशिम ने अपने साथियों अजीम बाबा और आदिल के साथ मिलकर शाबरीन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत उसने 26-27 फरवरी की रात शाबरीन को मिलने के लिए बुलाया और साथ में गहने लेकर आने को कहा। शाबरीन के पहुंचने पर हाशिम ने नहर की पटरी पर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल के सूखे कुएं में फेंक दिया और मृतका के कपड़े व आभूषण अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए। पुलिस ने आरोपियो निशानदेही पर मृतका के कपड़े (सूट और बुर्का), गहने (पांजेब, हार, कुंडल, बिछुए) और आधार कार्ड बरामद किए हैं।


पुलिस ने गिरफ्तार किये गए सभी आरोपियो का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया है। आरोपियो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे प्रभारी निरीक्षक थाना मैनाठेर किरणपाल सिंह, निरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक बनी कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश पाल, मुकेश सिंह, यामीन खां, कांस्टेबल गौरव कुमार, सतेंद्र सिंह व सागर राणा शामिल रहे।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या