होली के धूमधाम व हर्षोल्लास के बीच जिला सम्भल के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र से होली मिलन के दौरान दो पक्षो के बीच हिंसा का मामला सामने आया है। होली मिलने के दौरान दो पक्षो के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और इस दौरान हुए पथराव मे एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। इस घटना मे 3 अन्य लोगो को भी मामूली चोट आयी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया तथा 2 युवको को हिरासत मे लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बुधवार की शाम लगभग 5 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम खटैटा निवासी भारत पुत्र जसवंत व प्रदीप पुत्र कुलदीप के बीच होली मिलने की लेकर कुछ कहासुनी हुई थी। बताया गया कि भारत को नशे की हालत मे देखकर प्रदीप ने उसे घर जाने को कहा था। इस पर आक्रोशित भारत ने प्रदीप की पत्नी का हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। प्रदीप द्वारा विरोध किये जाने पर भारत अपने घर की छत पर चढ़ गया और पथराव शुरू कर दिया।
अचानक हुए इस पथराव के चलते गाँव मे अफरातफरी मच गयी। इस घटना में अमरेश पुत्र विजय सिंह, शिवानी पुत्री आनंद और शीनू पत्नी ओमपाल चोटिल हो गए। घायलों में बदायूं निवासी शीनू की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य पक्षों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि विवाद का मुख्य कारण शराब का नशा था।
थाना प्रभारी लोकेन्द्र त्यागी ने बताया कि शराब पीने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

