![]() |
| मौके पर मौजूद ग्रामीण व इनसेट मे मृतक आदिल व आसमा की फाइल फोटो व उपचाराधीन शायमा |
जिला बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में आज सोमवार को हुए एक पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंजाम देखने को मिला। पारिवारिक सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान ही एक युवक ने आपा खो दिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी उसने मरणासन्न कर दिया। दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रहपुरा चौधरी निवासी अफसर खान का अपनी पत्नी शायमा आयु 24 वर्ष के साथ लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इसी विवाद का निपटारा करने के लिए आज सोमवार को दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत मे बातचीत चल ही रही थी कि अचानक बहस बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अफसर खान पहले से ही तैयारी में आया था। गाली-गलौज के बीच उसने अचानक अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और परिजनों पर हमला बोल दिया। पंचायत में मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही अफसर ने अपनी सास आसमा आयु 45 वर्ष और साले आदिल आयु 19 वर्ष पर हमला कर दिया। उसने दोनों पर चाकू से कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। मां और भाई को बचाने दौड़ी पत्नी शायमा को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शोर सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। शायमा की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और वह निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फरार आरोपी अफसर खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
