बिजनौर/उत्तर प्रदेश - मंगेतर के थप्पड़ से आहत युवती ने की आत्महत्या, ईद की खुशियां मातम मे बदली - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मार्च 16, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - मंगेतर के थप्पड़ से आहत युवती ने की आत्महत्या, ईद की खुशियां मातम मे बदली

www.newsindia17.com

बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मंगेतर द्वारा सरेबाजार थप्पड़ मारे जाने से आहत होकर 18 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जिस घर में ईद की खरीदारी और शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और चीख-पुकार मची है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव झलरा निवासी गफ्फार की पुत्री सानिया आयु 18 वर्ष का रिश्ता गांव निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। कल रविवार को सानिया अपने रिश्तेदारों के साथ ईद की खरीदारी करने बिजनौर बाजार गई थी। इसी दौरान बाजार में उसका सामना मंगेतर से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मंगेतर ने सानिया को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिए।


परिजनों ने बताया कि घर लौटने के बाद भी सानिया गुमसुम थी और खुद को बेहद अपमानित महसूस कर रही थी। सरेराह हुए इस सार्वजनिक अपमान के सदमे को वह बर्दाश्त नहीं कर सकी और देर रात घर में रखा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। युवती की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर रामप्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। चर्चा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है, हालांकि पुलिस अपनी ओर से विधिक कार्रवाई पूरी कर रही है।


सानिया की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि सानिया एक होनहार युवती थी। एक छोटे से विवाद और मंगेतर की बदसलूकी ने एक हंसती-खेलती जिंदगी छीन ली। ईद से ठीक पहले हुई इस मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

web counter free
अभी  तक पाठक संख्या