नहटौर/जिला बिजनौर - ट्रक खरीदने के बहाने लाखों की ठगी, वाहन लेकर फरार हुआ जालसाज गिरोह - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - ट्रक खरीदने के बहाने लाखों की ठगी, वाहन लेकर फरार हुआ जालसाज गिरोह

www.newsindia17.com/bijnor news

जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखो की धोखाधड़ी का एक संगीन मामला प्रकाश में आया है। यहाँ ख़रीदार बने जालसाज मामूली रकम देकर एक व्यक्ति का लाखो का ट्रक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को मामले की  तहरीर देकर आरोपियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला हज्जामान निवासी मोहम्मद अरशद की मुलाकात कुछ समय पूर्व जिला रामपुर निवासी कुछ लोगो से हुई थी। इन सभी ने अरशद का ट्रक खरीदने की इच्छा जताई और काफी मोलभाव कर 24 लाख रूपये मे ट्रक ख़रीदने को तैयार हो गए। अरशद का विश्वास जीतने के लिए आरोपियो ने उसे 20 हजार का भुगतान करने के साथ ही पहली किश्त के 58 हजार भी दिए। इसके बाद आरोपियो ने ट्रक को कब्जे मे ले लिया।

दोनो पक्षों के बीच हुए समझौते के अनुसार आरोपियो को ट्रक कब्जे मे लेने के 15 दिन बाद 7 लाख 66 हजार रुपए देने थे जबकि शेष राशि किस्तो मे चुकाई जानी थी। आरोप है कि पैसा देने का समय करीब आते आते आरोपियो ने अरशद का फोन उठाना बंद कर दिया। इस सबसे तंग आकर अरशद उनके दिए पते पर रामपुर जा पहुंचा। अरशद को वहां से भी सभी आरोपी गायब मिले।

पीड़ित अरशद ने बताया कि आरोपियों के बारे मे पूछताछ करने पर ग्रामीणो ने बताया कि यह गिरोह इसी तरह की धोखाधड़ी के लिए कुख्यात है। ये लोग कम पैसे देकर वाहन अपने कब्जे में लेते हैं और फिर उसे गायब कर देते हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों के परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने भी सहयोग करने के बजाय अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपने ट्रक की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को संदिग्धों के मोबाइल नंबर और सौदे से संबंधित दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।
web counter free
अभी तक पाठक संख्या