रेहड़/जिला बिजनौर - हाईवे पर हुए भीषण हादसे मे युवक की मौत, डंपर की टक्कर लगने पर उछला युवक रेलिंग से टकराया, सिर कटकर हुआ धड़ से अलग - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 27, 2026

रेहड़/जिला बिजनौर - हाईवे पर हुए भीषण हादसे मे युवक की मौत, डंपर की टक्कर लगने पर उछला युवक रेलिंग से टकराया, सिर कटकर हुआ धड़ से अलग

www.newsindia17.com
धड़ से अलग होकर गिरा सिर व मृतक की फाइल फोटो 
कल रविवार की देर रात नेशनल हाईवे-734 पर हुए भयंकर हादसे ने देखने वालों के होश उड़ा दिए। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर लगने के बाद एक युवक हवा में उछलकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग पर जा गिरा। इस रेलिंग की धार से टकराकर युवक की गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई, जबकि उसका एक हाथ और पैर भी शरीर से कटकर दूर जा गिरे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम दहलावाला का निवासी बलराज सिंह आयु 32 वर्ष  पुत्र स्व0 राम सिंह खाना खाने के बाद कल रविवार रात करीब 10 बजे टहलने के लिए निकला था। घर से महज 300 मीटर दूर हाईवे पार करने के दौरान एक अज्ञात डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलराज कई फीट हवा में उछला और सड़क किनारे लगाई गई लोहे की रेलिंग पर जा गिरा।

रेलिंग की धार से कटकर बलराज की धड़ से अलग होकर गिर गई। इतना ही नही उसका बायां हाथ और दाहिना पैर भी कटकर अलग हो गए। घटनास्थल पर कई मीटर तक खून फैल गया और शरीर के अंग बिखर गए। हादसे को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के अवशेषों को कब्जे में लिया। चेहरा बुरी तरह कुचल जाने के कारण रात में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। आज सोमवार सुबह परिजनों ने कपड़ों और कद-काठी के आधार पर उसकी पहचान की।

मृतक के बड़े भाई सोमपाल सिंह ने बताया कि बलराज तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वह एक गैस एजेंसी पर काम करता था। बड़े भाई सोमपाल सिंह ने बताया कि इस परिवार में शादी की खुशियो का माहौल था। एक चचेरी बहन की शादी आगामी 30 अप्रैल को और 8 दूसरी की मई को तय है। इन शादियो के लिए ही बलराज छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। कल मंगलवार को बहन का लगन-टीका जाना था, लेकिन जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची है।

रेहड़ थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि डंपर की पहचान की जा सके।
 
counter
अभी तक पाठक संख्या