नखासा/जिला सम्भल - दहेज मे 5 लाख और कार न मिलने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या, हत्या से पहले दिया तीन तलाक, पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 27, 2026

नखासा/जिला सम्भल - दहेज मे 5 लाख और कार न मिलने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या, हत्या से पहले दिया तीन तलाक, पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com

जिला सम्भल के नखासा थाना क्षेत्र से दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को जहर देकर मौत के घाट उतारने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि हत्या से ठीक पहले पति ने महिला को 'तीन तलाक' भी दिया था। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मुरादाबाद के पाकबड़ा निवासी मोहम्मद ताबिल ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया की उसकी बहन अलीशा आयु 25 वर्ष का निकाह 5 वर्ष पूर्व नखासा थाना क्षेत्र के गांव सुनवारी निवासी नाजिम के साथ हुआ था। निकाह के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार काफी दान-दहेज दिया था, लेकिन अलीशा के ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे।आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही पति नाजिम और उसके परिजन दहेज में कार और 5 लाख रुपये नकद की मांग करने लगे थे। ये मांग पूरी न होने पर अलीशा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार मारपीट कर उसे घर से भी निकाला गया, लेकिन हर बार सामाजिक स्तर पर समझा-बुझाकर उसे वापस भेज दिया जाता था।


घटनाक्रम के अनुसार दहेज की मांग को लेकर चल रहा ये विवाद गत 24 अप्रैल की को चरम पर पहुंच गया। आरोप है कि पति नाजिम ने पहले अलीशा को 'तीन तलाक' दिया और उसके तुरंत बाद परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से उसे जबरन जहर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर अलीशा को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


नखासा थाना पुलिस ने मृतका के भाई द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति नाजिम, रियासत, मकसूद, अंजुम परवीन और अनवर अली के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।


थाना प्रभारी नखासा ने बताया कि दहेज हत्या और तीन तलाक की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या