.jpg) |
चारपाई पर पड़ा सतेंद्र का शव व इनसेट मे फाइल फोटो |
जिला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र मे बजरंग दल के जिला संयोजक की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। जिला संयोजक का शव आज सोमवार की सुबह घर मे ही एक चारपाई पर पड़ा मिला। इस हत्याकांड मे सौतेली माँ व बहन समेत 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गोविंदपुर निवासी सतेंद्र उर्फ़ मोंटी आयु 30 वर्ष पुत्र बलराज का रक्तरंजित शव आज उसी के घर मे चारपाई पर पड़ा मिला। आज सोमवार की सुबह दूध देने आये दूधिया ने सतेंद्र की सौतेली माँ मधुबाला को आवाज दी मगर कोई जबाब नही मिला। दूधिया ने अंदर आकर देखा कि मधुबाला बेहोश पड़ी थी और एक कमरे मे सतेंद्र का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। शव एक चादर से ढका हुआ था। दूधिया द्वारा बताये जाने पर मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। सतेंद्र के एक पारिवारिक भाई ने गुलदार द्वारा हमला किये जाने की सूचना ग्रामीणो को दी।
घटना की सूचना मिलते ही गाँव ननपुरा, थाना क्षेत्र हीमपुर दीपा से उसके सतेंद्र की मामा समेत अन्य रिश्तेदार भी मौके पर आ पहुंचे। सतेंद्र के गले पर धारदार हथियारो के घाव देखकर उन्हें शक हुआ और परिजनो से भिड़ गए। काफी देर तक हुए हंगामे के दौरान सतेंद्र के मामा ने उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाय। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही सीओ नजीबाबाद, एसपी सिटी संजीव वाजपेयी भी मौके पर पहुँच गए। मृतक के मामा भागेन्द्र की ओर से पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि उसकी बहन की शादी बलराज के साथ हुई थी। सतेंद्र उर्फ़ मोंटी के जन्म के बाद उसकी बहन की मौत हो गयी थी। इसके बाद बलराज ने दूसरी शादी मधुबाला के साथ की थी। मधुबाला अपने साथ शालू नाम की एक लड़की लेकर आयी थी जबकि उसका एक बेटा मानव उर्फ़ बंटू यही पैदा हुआ था। तहरीर मे बताया गया है कि सत्येंद्र उर्फ़ मोंटी अपने हिस्से की जमीन मांग रहा था और उसकी सौतेली माँ मधुबाला, भाई मानव उर्फ़ बंटू, बहन शालू व बहनोई अनुज जमीन देने को तैयार नही थे। बंटवारा होने पर सतेंद्र को 10 बीघा जमीन मिलनी थी। इसी जमीन के लालच मे उसकी सौतेली माँ ने उसकी शादी नही होने दी थी। दूसरी ओर घर मे शव मिलने की घटना के बाद मृतक का पिता व सौतेली माँ जिला अस्पताल मे भर्ती हो गए। उनका कहना है किसी ने उन्हें नशीला पदार्थ दिया है और बेहोशी नही टूट रही है।
पुलिस ने मृतक के मामा द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सौतेली माँ मधुबाला व सौतेले भाई मानव उर्फ़ बंटू समेत 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरु कर दी है। पुलिस ने मौके से मृतक के सौतेले भाई समेत 3 लोगो को भी हिरासत मे लिया है। घर के जिस कमरे से सतेंद्र का शव मिला है उसके बगल वाले कमरे मे पुलिस को एक 4 फुट गहरा गड्ढा मिला है। गड्ढे मे उतरने के लिए एक रस्सी को बाँधा गया है ताकि आसानी से नीचे उतरा जा सके। गड्ढा खोदने के दौरान निकली मिटटी भी कमरे मे ही चारो ओर फैली हुई थी। अनुमान है कि हत्या किये जाने के बाद सतेंद्र के शव को इसी गढ्ढे मे दबाया जाना था। मृतक के सौतेले भाई ने पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे बताया कि किसी तांत्रिक ने घर मे सोना चाँदी दबे होने के बारे मे बताया था। इसी के चलते ये गड्ढा खोदा गया था। फ़िलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के बाद मामले की जाँच शुरू कर दी है। एसपी सिटी के अनुसार घटना स्थल का निरिक्षण करने के बाद सभी पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए घटना की जांच की जा रही है।
 |
अभी तक पाठक संख्या |