धामपुर/जिला बिजनौर - आरएसएस व विहिप कार्यकर्ताओ के घर पर फायरिंग व तोड़फोड़ का आरोपी गिरफ्तार, आरोपी द्वारा किये गए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मार्च 14, 2026

धामपुर/जिला बिजनौर - आरएसएस व विहिप कार्यकर्ताओ के घर पर फायरिंग व तोड़फोड़ का आरोपी गिरफ्तार, आरोपी द्वारा किये गए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

www.newsindia17.com
जिला बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र मे आज शनिवार तड़के दूसरे वर्ग के एक युवक द्वारा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह और विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ता के घर पर धावा बोले जाने के बाद हड़कंप मच गया। आरोपियों ने घरो मे तोड़फोड़ करने के साथ ही फायरिंग कर जानलेवा हमला भी किया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है और प्रशासन ने उसके अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई की है।


थाना क्षेत्र के ग्राम पुराना धामपुर निवासी विहिप के जिला सहमंत्री अमित शर्मा ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि आज शनिवार तड़के करीब 3 बजे आरोपी सुहेब पुत्र सत्तार ने पड़ोस में रहने वाले आरएसएस के जिला कार्यवाह विपिन चौहान के घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सुहेब ने विपिन चौहान पर तमंचे से फायर भी किए, जिसमें वे बाल-बाल बचे। इसके बाद आरोपी सीढ़ी लगाकर अमित शर्मा के घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुस आया। जान बचाने के लिए अमित शर्मा अपने बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गए। आरोप है कि सुहेब ने घर से 5 लाख की नकदी और जेवर भी लूट लिए।


सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी आरोपी सुहेब हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस टीम के ऊपर छत से सीमेंट के गमले फेंक दिए। इस घटना मे कोतवाल मृदुल कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुहेब और उसके पिता सत्तार को हिरासत में ले लिया। शनिवार दोपहर मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस हिरासत में भागने का भी प्रयास किया। मेडिकल के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने एसडीएम कोर्ट के पास सिपाही की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सुहेब के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, विधायक अशोक राणा और अन्य भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते ही आरोपी के घर और दुकानों की पैमाइश कराई। जांच में पाया गया कि सुहेब ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया था। शनिवार देर शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।


इस घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है। बाजार बंद रहे और गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और शांति व्यवस्था कायम रखना उनकी प्राथमिकता है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या