![]() |
| मृतक सिपाही की फाइल फोटो |
उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ अभियोजन कार्यालय में तैनात वर्ष 2016 बैच के सिपाही नितिन वत्स ने गंगा बैराज से छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शनिवार सुबह गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बैराज के गेट नंबर चार के पास से उनका शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
उक्त घटना का खुलासा कल शुक्रवार को बिजनौर बैराज के गेट नंबर तीन के पास एक बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिलने पर हुआ। जांच के दौरान पता चला कि यह बाइक सिपाही नितिन वत्स की है। इसके बाद पुलिस महकमे और परिजनों में हड़कंप मच गया। सिपाही की पत्नी ने शुक्रवार देर शाम ही शहर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आशंका के आधार पर पुलिस ने बैराज के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सिपाही नितिन वत्स गेट नंबर तीन के पास अपनी बाइक खड़ी करते हुए नजर आए, जिसके बाद वह ओझल हो गया। इसी आधार पर पुलिस ने गंगा में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का फैसला किया और रात ही टीम को सक्रिय कर दिया गया।
आज शनिवार सुबह प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 11 बजे बैराज के गेट नंबर चार के पास सिपाही का शव पानी में मिला। मृतक सिपाही नितिन वत्स मूल रूप से बागपत जिले के कस्बा टिकरी के रहने वाले थे। वर्ष 2022 से उनकी तैनाती बिजनौर में चल रही थी। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बिजनौर की भरत विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। इस घटना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर एक होनहार सिपाही ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। क्या वह किसी मानसिक तनाव में थे या कोई पारिवारिक वजह थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
