![]() |
| उपचार हेतु सीएचसी लायी गयी बच्ची व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो |
उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी मे आज रविवार की सुबह नहटौर थाना क्षेत्र में आदमखोर गुलदार ने 10 वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह हृदयविदारक घटना उस समय हुई जब मासूम अपनी मां और भाई के साथ खेत से घर लौट रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव मुकर्रमपुर निवासी अतुल कुमार के परिजन आज रविवार की सुबह खेत पर गन्ने की बुआई के काम के लिए गए थे। सुबह करीब 10 बजे अतुल की पत्नी पिंकी अपनी बेटी अदिति आयु 10 वर्ष और बेटे आदित्य के साथ काम निपटाकर घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक अदिति पर हमला बोल दिया। मां और भाई के चीखने-चिल्लाने के बावजूद गुलदार बच्ची को गर्दन से दबोचकर पलक झपकते ही जंगल की ओर खींच ले गया।
शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों की भारी भीड़ और शोर-शराबा सुनकर गुलदार बच्ची को करीब 200 मीटर दूर जंगल में लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। परिजन आनन-फानन में अदिति को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका अदिति चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी और गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। अदिति की मौत की खबर मिलते ही उसके स्कूल के शिक्षकों और सहपाठियों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है और उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों की ओर न जाएं और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ही रखें। शाम और सुबह के समय विशेष सतर्कता बरतें।
.png)
