मेरठ/उत्तर प्रदेश - कूड़ेदान में मिली शराब की बोतल से खुला हत्या का राज, चर्चित नरेश शर्मा हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 22, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - कूड़ेदान में मिली शराब की बोतल से खुला हत्या का राज, चर्चित नरेश शर्मा हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

www.newsindia17.com

गत दिनो जानी थाना क्षेत्र के ग्राम कुराली में हुए चर्चित नरेश शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने आज बुधवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया। महज 18 हजार रुपये के बकाया लेनदेन को लेकर हुए विवाद में नरेश की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त 7.65 बोर की कंट्री मेड पिस्टल भी बरामद कर ली है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 18 अप्रैल को कुराली अड्डे के पास स्थित दुकान पर नरेश शर्मा पुत्र जगदीश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने नरेश के सिर और सीने में बिल्कुल करीब से दो गोलियां दागी थीं। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए थे और पुलिस के पास उन तक पहुँचने के लिए कोई सुराग नहीं था। इस मामले मे नरेश शर्मा की पत्नी मोनी राय द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा आरोपियो की पहचान सुनिश्चित करने हेतु तमाम प्रयास किये गए मगर सफलता नही मिल सकी थी।


हत्याकांड के बाद फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस द्वारा दुकान तलाशी लिए जाने पर कूड़ेदान से शराब (वोदका) की एक खाली बोतल बरामद हुई थी। पुलिस द्वारा इस बोतल की जाँच करने पर पता लगा कि इसे घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित एक शराब के ठेके से खरीदा गया था। आरोपी की तलाश मे जुटी पुलिस को उस शराब की दुकान की सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर नरेश शर्मा के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति और दिखाई पड़ा। यही से पुलिस ने कड़ियो को जोड़ना शुरू किया।


एसपी देहात अभिजीत कुमार ने आज बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार दो युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ हरसू और आशीष निवासी ग्राम कुराली के रूप में हुई है।


पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में मुख्य आरोपी आशीष ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उसने नरेश से 45,000 रुपये उधार लिए थे। इसमें से 18,000 रुपये अभी बाकी थे। घटना वाले दिन नरेश द्वारा पैसे का तकादा किये जाने पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान आशीष ने पिस्टल निकाली और नरेश के सिर में गोली मार दी। तसल्ली करने के लिए उसने दूसरी गोली नरेश के सीने में भी उतार दी।


बिना किसी प्रत्यक्ष गवाह के सिर्फ शराब की एक खाली बोतल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस जटिल केस को सुलझाने के लिए पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या