![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र से एक विवाहिता के साथ मारपीट कर सरेआम तीन तलाक दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला मछली मंडी निवासी युवती का निकाह वर्ष 2014 में सलीम निवासी नई बस्ती, नौंगावा सादात के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी थी। सलीम छोटी-छोटी बातों पर पत्नी के साथ मारपीट करता था। ससुराल में लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता अपने मायके चली आई थी।
आरोप है कि बीती 19 अप्रैल को सलीम अपने परिजनों के साथ उसके मायके पहुँचा। वहां आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार वालों के साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी हंगामे के बीच सलीम ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। शोर मचने पर स्थानीय लोगों को एकत्र होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने अब पुलिस को दी गयी तहरीर मे आपबीती बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के पति समेत ससुराल पक्ष के 4 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अमरोहा नगर कोतवाली मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति सलीम, जेठ मोहम्मद वसीम, हसमुद्दीन और अफसाना के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि देश में 'तीन तलाक' (तलाक-ए-बिद्दत) को कानूनी रूप से अपराध घोषित किए जाने के बावजूद इस तरह के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
