मेरठ/उत्तर प्रदेश - एनकाउंटर की धमकी देकर कारोबारी से 20 लाख वसूलने वाले 2 दरोगा प्रयागराज से गिरफ्तार, भेजे जेल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, फ़रवरी 21, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - एनकाउंटर की धमकी देकर कारोबारी से 20 लाख वसूलने वाले 2 दरोगा प्रयागराज से गिरफ्तार, भेजे जेल

www.newsindia17.com
आरोपी दरोगा लोकेन्द्र साहू व महेश गंगवार 
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ से खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक धागा व्यवसायी ने लोहियानगर थाने में तैनात दो दरोगाओ पर एनकाउंटर और फर्जी मुकदमे का डर दिखाकर 20 लाख रूपये वसूलने का आरोप लगाया है। मेरठ पुलिस ने मामले मे त्वरित कार्रवाई करते हुए कल शुक्रवार की शाम दोनो दरोगाओ को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। आज शनिवार को दोनो दरोगाओ को कोर्ट मे पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को दी गयी शिकायत मे पीड़ित धागा व्यवसायी रासिख ने बताया था कि वसूली का ये खेल गत 8 दिसंबर को शुरू हुआ था। रासिख के अनुसार 8 दिसंबर की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते मे मिले लोहियानगर थाने मे तैनात दरोगा लोकेन्द्र साहू व महेश गंगवार ने उसे जबरन अपनी कार मे डाल लिया। दरोगाओ ने रासिख पर टेरर फंडिग करने व हवाला के माध्यम से पैसा मंगाने का झूठा आरोप लगाया और रासुका लगाने व गोली मारने की धमकी भी दी। इतना ही नही आरोपी रासिख को लेकर अल्लीपुर के जंगल में गए और जबरन एक वीडियो बनवाया। दरोगाओं ने इस वीडियो मे रासिख से जबरन अपराध भी कबूल करवाया।

रासिख के अनुसार इसके बाद दरोगाओ ने सौदेबाजी शुरू कर दी और 50 लाख रूपये की मांग की। बाद मे 20 लाख रूपये मे ये सौदा तय हो गया। दरोगाओ के चंगुल ने फंसे कारोबारी ने अपने बहनोई से फोन कर 14 लाख रूपये मंगाए और उन्हें दे दिए। इसके बाद अगले दिन ही कारोबारी ने शेष 6 लाख रूपये भी दरोगाओ को दे दिए। इसके बाद भी दरोगाओ की लालसा शांत नही हुई और फिर से 1 लाख रूपये की मांग की। कारोबारी के अनुसार नौचंदी मैदान मे ये पैसा लेते समय आरोपियो ने उसे चुप रहने को कहा और दिल्ली ब्लास्ट मामले मे फँसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया। सबूत पुख्ता करने के लिए अधिकारियों ने दरोगाओं को भरोसा दिया कि पैसे लौटाने पर कार्रवाई नहीं होगी, जिसके बाद दरोगाओं ने 14 लाख रुपये वापस भिजवा दिए। जैसे ही वसूली की पुष्टि हुई 6 फरवरी को दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। मुकदमा दर्ज होते ही दोनो आरोपी दरोगा फरार हो गए थे। मेरठ पुलिस लगातार इनकी तलाश मे जुटी हुई थी।

मेरठ पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि दोनों आरोपी दरोगा गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अपील करने की योजना बना रहे हैं और प्रयागराज में एक वकील से मिलने आने वाले हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए मेरठ पुलिस की टीम ने प्रयागराज में जाल बिछाया। शुक्रवार शाम जैसे ही दोनों दरोगा वकील के चेंबर में दाखिल हुए, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें दौड़ाकर दबोच लिया। आज शनिवार को दोनो आरोपी दरोगाओ को कोर्ट मे पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। 
counter
अभी तक पाठक संख्या