अमरोहा/उत्तर प्रदेश - कांवड़ लेने गए किसान की हत्या के मामले ने पकड़ा तूल, कलेक्ट्रेट मे धरने पर बैठे परिजन, प्रशासन को दिया ज्ञापन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, फ़रवरी 21, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - कांवड़ लेने गए किसान की हत्या के मामले ने पकड़ा तूल, कलेक्ट्रेट मे धरने पर बैठे परिजन, प्रशासन को दिया ज्ञापन

www.newsindia17.com

कांवड़ लेने जा रहे नौंगावा सादात निवासी किसान हरिओम प्रजापति की हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के एक सप्ताह बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और आर्थिक मदद न मिलने से नाराज परिजनों ने आज शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सुभासपा के नेताओं के नेतृत्व में बैठे प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नौगावां सादात थाना क्षेत्र के निवासी हरिओम प्रजापति आयु 50 वर्ष करीब एक सप्ताह पहले गंगा जल लेने (कांवड़) जा रहे थे। हरिओम प्रजापति रास्ते में मुंडा मुकारी गांव के पास लहूलुहान हालत में मिले थे, उन्हें गोली मारी गई थी। गंभीर हालत के चलते उन्हें मेरठ रेफर किया गया था, जहाँ बीते रविवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शव गांव पहुँचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था और जोया-ईकौंदा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिनमें से एक आरोपी टिंकू उर्फ नरेंद्र को जेल भेजा जा चुका है।


आज शनिवार को अन्य आरोपियो की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर सुभासपा के प्रदेश प्रभारी बलराज सिंह प्रजापति और जिलाध्यक्ष सत्यपाल तोमर कलेक्ट्रेट पहुँचे और धरने पर बैठ गए। सुभासपा नेताओ के साथ धरने पर बैठे परिजनों का आरोप है कि मुख्य साजिशकर्ता और अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।


धरना दे रहे लोगों ने स्थानीय प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र मे फरार चल रहे अन्य हत्यारोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, मृतक की पत्नी को मुख्यमंत्री राहत कोष से उचित मुआवजा दिलाये जाने, मृतक के नाम पर जारी किसान क्रेडिट कार्ड और समूह की सभी किस्तों को माफ किये जाने, पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ और बेटियों की शादी के लिए सरकारी अनुदान दिलाये जाने के साथ ही गवाहों और पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराये जाने की मांग की गयी है।


सुभासपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित परिवार की मांगें पूरी नहीं होतीं और सभी अपराधी सलाखों के पीछे नहीं पहुँचते, तब तक धरना जारी रहेगा। मौके पर पहुँचे प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रदेश प्रभारी सुभासपा बलराज सिंह प्रजापति ने बताया कि एक किसान की सरेराह हत्या कर दी गई और प्रशासन केवल एक गिरफ्तारी कर खानापूर्ति कर रहा है। जब तक परिवार को आर्थिक सुरक्षा और पूरा न्याय नहीं मिलता, हम पीछे नहीं हटेंगे।

counter
अभी तक पाठक संख्या