आज गुरुवार को अमरोहा में कार रिपेयर कराने गैराज आये एक ठेकेदार को सरेआम गोली मार दी गयी। गोली मारने की ये घटना गैराज में लगे सीसीईवी में कैद हो गयी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए ठेकेदार को मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांठ थाना क्षेत्र के गांव हाफिजपुर निवासी ऋषिपाल सिंह के दो पुत्र है। उनका एक बेटा गाँव में ही खेती किसानी करता है जबकि दूसरा विनीत नगरपालिका में ठेकेदार है। विनीत कुमार अपने गांव से प्रतिदिन अमरोहा आता जाता है। प्रतिदिन की भांति आज गुरुवार की सुबह भी विनीत कुमार लगभग 7 बजे घर से कार द्वारा अमरोहा के लिए निकला था। करीब 10 बजे वह अमरोहा की मंडी समिति रोड स्थित एक गैराज पर अपनी कार रिपेयर कराने गए थे। इस दौरान वहां पहले से मौजूद गौरव, निवासी गाँव मूढ़ामुकरी, थाना क्षेत्र नौगांवा सादात विनीत को देखकर बाहर आया और कुछ देर बाद वापस जाकर विनीत के पेट में गोली मार दी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए विनीत कुमार मौके पर गिर पड़े। दूसरी ओर घटना को अंजाम देकर आरोपी गौरव मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल विनीत को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि इस मामले में विनीत कुमार के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपी गौरव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा। दोनों के बीच क्या रंजिश चल रही है। इसकी जाँच की जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |